चोरों का तांडव, आरपीएफ बैरक परिसर में क्वार्टर से लाखों का सामान पार
मुगलसराय। आरपीएफ बैरक परिसर में चोरी की वारदात से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। क्वार्टर नंबर 1610 में चोरों ने धावा बोलकर नगदी, आभूषण, गैस सिलेंडर समेत अन्य कीमती सामान पार कर दिया। घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
chandauli

12:57 PM, Aug 26, 2026
मुगलसराय। आरपीएफ बैरक परिसर में चोरी की वारदात से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। क्वार्टर नंबर 1610 में चोरों ने धावा बोलकर नगदी, आभूषण, गैस सिलेंडर समेत अन्य कीमती सामान पार कर दिया। घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार एसआईबी पोस्ट डीडीयू में तैनात संदीप जायसवाल दो दिन पहले क्वार्टर में ताला बंद कर नौगढ़ थाना क्षेत्र के मझगाईं स्थित अपने गांव गए थे। उनकी गैरमौजूदगी में चोरों ने बंद क्वार्टर को निशाना बनाया। घर में घुसे चोरों ने कमरों को खंगाला और कीमती सामान लेकर फरार हो गए।
आरपीएफ बैरक परिसर को सुरक्षा की दृष्टि से संवेदनशील और निगरानी वाला क्षेत्र माना जाता है। ऐसे में परिसर के भीतर चोरी की घटना सामने आने से सुरक्षा और गश्त व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। आसपास के लोगों के मुताबिक वारदात के दौरान कुछ संदिग्ध गतिविधियां भी देखी गई थीं।
Advertisement
घटना की सूचना डायल-112 पर दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही संदिग्धों की पहचान में जुटी है।
अब पुलिस के सामने चोरी का खुलासा करने के साथ यह पता लगाने की चुनौती भी है कि सुरक्षा घेरे में स्थित परिसर में चोर किस तरह दाखिल हुए और वारदात को अंजाम देने के बाद आसानी से फरार कैसे हो गए। घटना ने आरपीएफ बैरक परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
