शॉर्ट सर्किट से रिहायशी मड़ई में लगी भीषण आग,चार बकरियां जिंदा जलीं
थाना क्षेत्र के ढून्नू गांव में शनिवार सुबह करीब 10 बजे बिजली के शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग में एक रिहायशी मड़ई पूरी तरह जलकर राख हो गई।आग की चपेट में आने से मड़ई में बंधी चार बकरियां जिंदा जल गईं,जबकि साइकिल,चौकी तथा घरेलू उपयोग का अन्य सामान भी स्वाहा हो गया।घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
शहाबगंज, चंदौली

5:01 PM, May 23, 2026
विनोद कुमार
जनपद न्यूज़ टाइम्ससाइकिल,चौकी समेत हजारों का सामान राख,ग्रामीणों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
शहाबगंज। थाना क्षेत्र के ढून्नू गांव में शनिवार सुबह करीब 10 बजे बिजली के शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग में एक रिहायशी मड़ई पूरी तरह जलकर राख हो गई।आग की चपेट में आने से मड़ई में बंधी चार बकरियां जिंदा जल गईं,जबकि साइकिल,चौकी तथा घरेलू उपयोग का अन्य सामान भी स्वाहा हो गया।घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव निवासी रामनिहोर विश्वकर्मा की रिहायशी मड़ई के समीप लगे बिजली के खंभे पर 440 वोल्ट की केबल गर्मी के कारण जलने लगी।बताया जा रहा है कि केबिल से निकली चिंगारी उड़कर मड़ई पर जा गिरी,जिससे देखते ही देखते उसमें आग लग गई।तेज हवा के कारण आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी मड़ई धू-धू कर जलने लगी।
आग लगने के समय मड़ई में चार बकरियां बंधी हुई थीं,जिन्हें बाहर निकालने का मौका नहीं मिल सका। परिणामस्वरूप चारों बकरियां आग में झुलसकर मर गईं।इसके अलावा साइकिल, चौकी,कपड़े तथा अन्य घरेलू सामान भी जलकर राख हो गए।पीड़ित परिवार को हजारों रुपये के नुकसान का अनुमान है।
Advertisement
आग की लपटें और धुएं का गुबार देखकर आस- पास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बाल्टियों तथा पाइप के माध्यम से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। ग्रामीणों की तत्परता और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।यदि समय रहते आग नहीं बुझाई जाती तो आसपास के कई मकान भी इसकी चपेट में आ सकते थे और बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया।समाजसेवी राजीव विश्वकर्मा ने जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है।ग्रामीणों ने भी विद्युत विभाग से जर्जर तारों की तत्काल मरम्मत कर ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग उठाई है।
