प्रेमी से शादी की जिद में मोबाइल टावर पर चढ़ी युवती, घंटों हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद उतरी नीचे
जनपद के मोहम्मदाबाद गांव में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवती अपने प्रेमी से शादी कराने की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गई। युवती को टावर पर चढ़ा देख ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई और क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
चंदौली

9:55 AM, Jun 16, 2026
चंदौली। जनपद के मोहम्मदाबाद गांव में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवती अपने प्रेमी से शादी कराने की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गई। युवती को टावर पर चढ़ा देख ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई और क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, युवती का गांव के ही एक युवक से पिछले करीब पांच वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों एक-दूसरे के पड़ोसी बताए जा रहे हैं। परिजनों के मुताबिक, युवक करीब एक सप्ताह पूर्व रोजगार के सिलसिले में दिल्ली चला गया था, जिसके बाद से युवती मानसिक रूप से परेशान चल रही थी।
मंगलवार सुबह युवती अचानक गांव के एक मोबाइल टावर पर चढ़ गई और अपने प्रेमी से शादी कराने की मांग करने लगी। घटना की सूचना मिलते ही चकिया कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए।
Advertisement
पुलिसकर्मियों और परिजनों ने करीब दो घंटे तक युवती को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद युवती टावर से नीचे उतर आई। राहत की बात यह रही कि इस दौरान कोई अप्रिय घटना नहीं हुई।
मांग मनवाने के लिए टावर पर चढ़ने की बढ़ रही घटनाएं
हाल के वर्षों में अपनी मांगों को मनवाने के लिए मोबाइल टावर या ऊंची इमारतों पर चढ़ने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। हालांकि, ऐसे कदम कई बार जानलेवा साबित हो सकते हैं। पुलिस ने इस मामले में युवती और उसके परिजनों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराया और सभी से संयम बरतने की अपील की है।
