फर्जी नंबर प्लेट लगी अर्बन क्रूजर से 273 लीटर शराब बरामद, दो गिरफ्तार
अलीनगर (चंदौली)। अलीनगर पुलिस और सर्विलांस टीम ने सोमवार को सिंघीताली पुल के पास एनएच-19 पर चेकिंग के दौरान फर्जी नंबर प्लेट लगी अर्बन क्रूजर से 273 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की। पुलिस ने वाहन सवार दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब तीन लाख रुपये बताई गई है।
चंदौली

6:05 PM, Aug 31, 2026
अलीनगर (चंदौली)। अलीनगर पुलिस और सर्विलांस टीम ने सोमवार को सिंघीताली पुल के पास एनएच-19 पर चेकिंग के दौरान फर्जी नंबर प्लेट लगी अर्बन क्रूजर से 273 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की। पुलिस ने वाहन सवार दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब तीन लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, सोमवार को मुखबिर की सूचना पर अलीनगर पुलिस और सर्विलांस टीम सिंघीताली पुल के पास वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक अर्बन क्रूजर को रोकने का प्रयास किया गया। आरोप है कि चालक ने पुलिसकर्मियों को देखकर वाहन चढ़ाने का प्रयास किया और भागने लगा। पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए खुद को सुरक्षित किया और घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया।
तलाशी लेने पर वाहन से 273 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुई। इसमें रायल ग्रीन की 100 बोतल (750 एमएल), रायल ग्रीन की 312 बोतल (375 एमएल) और व्हाइट एंड ब्लू की 216 बोतल (375 एमएल) शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि शराब हरियाणा में बिक्री के लिए मान्य है।
जांच में सामने आया कि वाहन पर UP32MQ9312 नंबर की फर्जी नंबर प्लेट लगी थी। ई-चालान ऐप से जांच करने पर नंबर प्लेट पर दर्ज चेसिस और इंजन नंबर वाहन के वास्तविक नंबर से मेल नहीं खाए। वाहन के वास्तविक चेसिस नंबर की जांच करने पर उसका पंजीकृत नंबर HR87J1833 मिला। पुलिस के मुताबिक, पहचान छिपाने और कार्रवाई से बचने के लिए फर्जी नंबर प्लेट का इस्तेमाल किया जा रहा था।
Advertisement
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि बिहार में शराबबंदी के चलते वे हरियाणा के फरीदाबाद से सस्ते दामों पर शराब खरीदकर बिहार ले जाते थे और वहां ऊंचे दामों पर बेचते थे। इससे उन्हें अच्छा मुनाफा होता था।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मयंक रावत (28) निवासी फरीदाबाद, हरियाणा और शुभम तिवारी (35) निवासी फतेहपुर, हाल निवासी फरीदाबाद, हरियाणा के रूप में हुई है। मयंक वाहन चला रहा था।
पुलिस ने दोनों के खिलाफ अलीनगर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 545/2026 के तहत बीएनएस की धाराओं 109(1), 318(4), 319(2) और आबकारी अधिनियम की धारा 60/63 में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने शराब के साथ अर्बन क्रूजर वाहन भी कब्जे में लिया है।
