विश्व क्षय रोग दिवस पर 243 ग्राम पंचायतें टीबी मुक्त घोषित, 100 दिवसीय सघन अभियान शुरू
चंदौली। विश्व क्षय रोग दिवस के अवसर पर मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान जनपद की 734 ग्राम पंचायतों में से 243 ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त घोषित किया गया।
चंदौली

3:13 PM, Mar 24, 2026
चंदौली। विश्व क्षय रोग दिवस के अवसर पर मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान जनपद की 734 ग्राम पंचायतों में से 243 ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त घोषित किया गया।
इनमें 6 ग्राम पंचायतों ने ‘गोल्ड’, 45 ने ‘सिल्वर’ और 192 ने ‘ब्रॉन्ज’ श्रेणी के मानदंड पूरे किए हैं। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने ‘गोल्ड’ और ‘सिल्वर’ श्रेणी की ग्राम पंचायतों के प्रधानों को महात्मा गांधी की प्रतिमा और टीबी मुक्त पंचायत का प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया, जबकि ‘ब्रॉन्ज’ श्रेणी की पंचायतों को ब्लॉक स्तर पर सम्मानित किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि यह उपलब्धि राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम (एनटीईपी) के तहत ग्राम प्रधानों, कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर (CHO), आशा कार्यकर्ताओं और स्वास्थ्य विभाग के सामूहिक प्रयासों से संभव हो सकी है। उन्होंने कहा कि 243 ग्राम पंचायतों का टीबी मुक्त होना ‘टीबी मुक्त भारत’ के लक्ष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने क्षय रोगियों को पोषण पोटली का भी वितरण किया।
Advertisement
इसी अवसर पर जनपद में 24 मार्च 2026 से 100 दिवसीय सघन टीबी मुक्त भारत अभियान का शुभारंभ भी किया गया। इस अभियान के तहत जनपद की 2,60,861 उच्च जोखिम वाली आबादी की व्यापक स्तर पर टीबी स्क्रीनिंग की जाएगी। सभी की एक्स-रे जांच कराई जाएगी और संदिग्ध मामलों की जांच नाट मशीन से की जाएगी। टीबी की पुष्टि होने पर तत्काल उपचार शुरू किया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जनपद ने 7 दिसंबर 2024 से अब तक ‘टीबी मुक्त भारत’ अभियान में पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
अंत में जिलाधिकारी और मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) ने जनपदवासियों से अपील की कि यदि किसी व्यक्ति को दो सप्ताह से अधिक खांसी, बुखार, वजन में कमी या कमजोरी जैसे टीबी के लक्षण दिखाई दें तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच कराएं। उन्होंने कहा कि समय पर जांच, पूरा उपचार और जनजागरूकता ही टीबी उन्मूलन का सबसे प्रभावी उपाय है।
