चन्दौली के 1700 युवाओं को मिलेगा बिना ब्याज ऋण, शुरू हुए आवेदन
युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने और नई सूक्ष्म इकाइयों की स्थापना को बढ़ावा देने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना के तहत आवेदन शुरू हो गए हैं। वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए चन्दौली जिले में 1,700 नई इकाइयों की स्थापना का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
चंदौली

उदय प्रकाश पासवान
3:49 PM, Aug 17, 2026
चन्दौली। युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने और नई सूक्ष्म इकाइयों की स्थापना को बढ़ावा देने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना के तहत आवेदन शुरू हो गए हैं। वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए चन्दौली जिले में 1,700 नई इकाइयों की स्थापना का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केन्द्र के उपायुक्त उद्योग उदय प्रकाश पासवान ने बताया कि योजना के तहत उद्योग एवं सेवा क्षेत्र में नया व्यवसाय शुरू करने वाले युवाओं को ₹5 लाख तक का ऋण बिना ब्याज और बिना गारंटी उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए आवेदक को जमीन, संपत्ति या किसी गारंटर की आवश्यकता नहीं होगी।
उन्होंने बताया कि ₹5 लाख तक का ऋण चार वर्षों के लिए पूरी तरह ब्याज मुक्त रहेगा। इसके अलावा कुल परियोजना लागत का 10 प्रतिशत अतिरिक्त सब्सिडी के रूप में दिया जाएगा। डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के लिए ₹1 प्रति ट्रांजैक्शन, अधिकतम ₹2,000 प्रतिवर्ष अतिरिक्त अनुदान का प्रावधान है। ऋण पर CGTMSE कवरेज का पूरा खर्च भी सरकार वहन करेगी।
ये हैं पात्रता की शर्तें
Advertisement
योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक उत्तर प्रदेश का मूल निवासी होना चाहिए। उसकी आयु 21 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए। न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता कक्षा 8 पास निर्धारित की गई है। आवेदक को परियोजना लागत का 10 प्रतिशत स्वयं अंशदान करना होगा।
इसके अलावा पीएम स्वनिधि योजना को छोड़कर आवेदक ने केंद्र अथवा राज्य सरकार की किसी अन्य योजना के तहत पहले से ब्याज या पूंजी सब्सिडी का लाभ नहीं लिया होना चाहिए।
उपायुक्त उद्योग उदय प्रकाश पासवान ने इच्छुक युवाओं से योजना का लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि योजना से संबंधित जानकारी और आवेदन प्रक्रिया समझने के लिए इच्छुक युवा किसी भी कार्य दिवस में कार्यालय उपायुक्त उद्योग, जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केन्द्र, चन्दौली में संपर्क कर सकते हैं।
