ट्रक के डाले में लोहे की चादर से बने चेंबर से 147 पेटी शराब बरामद
चन्दौली। कन्दवा थाना पुलिस स्वाट, सर्विलांस की संयुक्त टीम ने देर रात चेकिंग के दौरान थाने के समीप एक 12 चक्का ट्रक में बने एक खास लोहे के सीक्रेट चैंबर से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी, देशी शराब और बीयर बरामद की है।
कंदवा, चंदौली

5:45 PM, Sep 14, 2026
चन्दौली। कन्दवा थाना पुलिस स्वाट, सर्विलांस की संयुक्त टीम ने देर रात चेकिंग के दौरान थाने के समीप एक 12 चक्का ट्रक में बने एक खास लोहे के सीक्रेट चैंबर से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी, देशी शराब और बीयर बरामद की है।
बरामद की गई शराब की कुल मात्रा 1354.8 लीटर (147 पेटी) बताई जा रही है, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 13 लाख रूपये है। पुलिस ने मौके से मिर्जापुर निवासी ट्रक चालक को गिरफ्तार किया।पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।
पुलिस ने बताया कि 14 सितंबर की तड़के लगभग 02:18 बजे की पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कन्दवा मार्ग से भारी मात्रा में शराब की बड़ी खेप बिहार भेजी जाने वाली है। सूचना पर मुस्तैद कन्दवा पुलिस और स्वाट-सर्विलांस टीम ने थाने के ठीक सामने बैरियर लगाकर वाहनों की सघन चेकिंग शुरू की।
इसी बीच कन्दवा की ओर से आ रहे 12 चक्का ट्रक आता दिखा। चालक पुलिस की चेकिंग देखकर घबरा गया। उसने गाड़ियों की लाइन से हटकर ट्रक को यू-टर्न लेकर वापस भगाने की कोशिश की। सतर्क पुलिस टीम ने तुरंत मुस्तैदी दिखाते हुए चारों तरफ से घेराबंदी की और ट्रक को चालक समेत दबोच लिया।
जब पुलिस टीम ने ट्रक के डाले की सघन तलाशी ली, तो डाले में लोहे की चादर का एक विशेष सीक्रेट चैंबर बनाया गया था। जब इस चैंबर को खोला गया, तो अंदर से 147 पेटियों में भरी शराब और बीयर की खेप बरामद की गई।
Advertisement
पकड़े गए अभियुक्त की पहचान रिंकू चौहान (उम्र 38 वर्ष), पुत्र कदम चौहान, निवासी ग्राम हिनौता (थाना अहरौरा, जनपद मिर्जापुर) के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि बिहार में शराबबंदी के कारण वहां शराब की भारी मांग है।
वह ट्रक मालिक (हरिशंकर यादव निवासी बलिया) और स्थानीय शराब दुकानों के सेल्समैन से सांठ-गांठ कर कन्दवा क्षेत्र की दुकानों से शराब खरीदता था। इसके बाद ट्रक के इस सीक्रेट चैंबर में शराब छिपाकर बिहार ले जाकर महंगे दामों में बेचता था और मिलने वाले मुनाफे को आपस में बांट लेता था।
पुलिस ने वाहन को मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 207 के तहत सीज कर दिया गया है। आरोपी के खिलाफ थाना कन्दवा में आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
