प्रयागराज-बांदा में अगस्त में टूटा 125 साल का बारिश का रिकॉर्ड, चंदौली समेत पूर्वी यूपी में पांच दिन भारी बारिश के आसार
चंदौली। अगस्त 2026 में उत्तर प्रदेश में बारिश ने कई पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए। प्रदेश में अगस्त की सामान्य औसत वर्षा 235.5 मिमी के मुकाबले इस बार 291.3 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से 24 प्रतिशत अधिक है। वर्ष 2018 में दर्ज 293.1 मिमी के बाद यह 21वीं सदी में अगस्त की सबसे अधिक वर्षा है।
चंदौली

7:35 PM, Sep 1, 2026
चंदौली। अगस्त 2026 में उत्तर प्रदेश में बारिश ने कई पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए। प्रदेश में अगस्त की सामान्य औसत वर्षा 235.5 मिमी के मुकाबले इस बार 291.3 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से 24 प्रतिशत अधिक है। वर्ष 2018 में दर्ज 293.1 मिमी के बाद यह 21वीं सदी में अगस्त की सबसे अधिक वर्षा है।
प्रयागराज और बांदा में 1901 के बाद सर्वाधिक बारिश
अगस्त में प्रयागराज में 631.6 मिमी और बांदा में 646 मिमी बारिश दर्ज हुई। दोनों जिलों में वर्ष 1901 से शुरू हुए अगस्त माह के वर्षा रिकॉर्ड में यह अब तक की सर्वाधिक बारिश बताई गई है।
चंदौली समेत पूर्वी यूपी में भारी बारिश की चेतावनी
आपदा प्रबंधन विभाग की सूचना के मुताबिक, वर्तमान मौसम प्रणालियों के प्रभाव से उत्तर प्रदेश में अगले पांच दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में शुरुआती 24 घंटे के दौरान कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश भी हो सकती है। गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश के अलावा कहीं-कहीं मूसलाधार बारिश होने का भी अनुमान है।
उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव क्षेत्र पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसके साथ मानसूनी द्रोणी और चक्रवाती परिसंचरण के सक्रिय होने से प्रदेश में मानसूनी प्रवाह मजबूत हुआ है। इसका असर चंदौली समेत पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी देखने को मिल सकता है।
Advertisement
सितंबर में कैसा रहेगा मौसम?
सितंबर के मासिक पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश के दक्षिणी-पूर्वी हिस्सों में सामान्य से अधिक बारिश होने की संभावना है। दक्षिणी और मध्यवर्ती हिस्सों में बारिश सामान्य के आसपास रह सकती है, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सामान्य से कम बारिश का अनुमान है।
सितंबर में प्रदेश का औसत अधिकतम और न्यूनतम तापमान भी सामान्य से अधिक रहने की संभावना जताई गई है।
लखनऊ में भी तेज बारिश
मंगलवार को राजधानी लखनऊ में शाम के समय तेज बारिश हुई। शाम 5:30 बजे तक स्वचालित वर्षामापी केंद्रों पर चिनहट में 59 मिमी, राजभवन में 45.5 मिमी, अंबेडकर पार्क में 54 मिमी, बख्शी का तालाब में 36.5 मिमी, जनेश्वर मिश्र पार्क में 26.5 मिमी और काकोरी में 26 मिमी बारिश दर्ज की गई। अमौसी वेधशाला में इस दौरान 9 मिमी बारिश दर्ज हुई।
