प्रतापगढ़ में 100 साल पुराना मकान ढहा, एक ही परिवार के 6 लोगों की दर्दनाक मौत
उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में गुरुवार तड़के एक दर्दनाक हादसे में 100 साल पुराना जर्जर मकान भरभराकर ढह गया। हादसे के समय परिवार के सदस्य घर के अंदर सो रहे थे। मकान गिरने से एक ही परिवार के छह लोगों की मलबे में दबकर मौत हो गई, जबकि अन्य लोग घायल हो गए।
उत्तर रदेश

7:48 AM, Aug 6, 2026
प्रतापगढ़। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में गुरुवार तड़के एक दर्दनाक हादसे में 100 साल पुराना जर्जर मकान भरभराकर ढह गया। हादसे के समय परिवार के सदस्य घर के अंदर सो रहे थे। मकान गिरने से एक ही परिवार के छह लोगों की मलबे में दबकर मौत हो गई, जबकि अन्य लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, महुली गांव निवासी प्रमोद श्रीवास्तव का करीब 100 वर्ष पुराना मकान लंबे समय से जर्जर अवस्था में था। गुरुवार तड़के लगभग दो बजे अचानक मकान भरभराकर गिर पड़ा। तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस व प्रशासन को सूचना दी।
Advertisement
सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और राहत-बचाव दल घटनास्थल पर पहुंच गया। स्थानीय लोगों की मदद से मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया। चिकित्सकों ने एक ही परिवार के छह लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायलों का उपचार जारी है।
घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी की तथा हादसे की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर मकान के अत्यधिक जर्जर होने और लगातार बारिश के कारण उसके ढहने की आशंका जताई जा रही है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
