विधान परिषद चुनाव के लिए चंदौली में 10 मतदान केंद्र तय, 23 अक्टूबर को होगी वोटिंग
चंदौली। वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र-2026 के विधान परिषद चुनाव को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में निर्वाचन तैयारियों की समीक्षा बैठक हुई।
चंदौली

5:43 PM, Oct 1, 2026

जिलाधिकारी ने बताया कि विधान परिषद चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया 6 अक्टूबर से शुरू होगी। नामांकन पत्रों की जांच 7 अक्टूबर को की जाएगी, जबकि 9 अक्टूबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। जिले में 23 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक मतदान होगा। मतगणना 27 अक्टूबर को कराई जाएगी।
डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्वाचन कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता न बरती जाए। सभी अधिकारी अपने दायित्वों का पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें, जिससे चुनाव प्रक्रिया निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण तरीके से पूरी हो सके।
Advertisement
उन्होंने बताया कि जिले में मतदान के लिए कुल 10 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं। तैनात जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्र के मतदान केंद्रों का तत्काल भौतिक निरीक्षण करें। केंद्रों पर पेयजल, बिजली, शौचालय सहित अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। किसी प्रकार की कमी मिलने पर उसे समय रहते दूर कराने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राजेश कुमार, अपर जिलाधिकारी न्यायिक रतन वर्मा, डीसी एनआरएलएम श्वेता सिंह और एआरटीओ सर्वेश गौतम सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। जनपद के सभी उप जिलाधिकारी और संबंधित अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में जुड़े।